कंधमाल में फिर तैनात हों केंद्रीय बल: पटनायक
भुवनेश्वर, 3 जुलाई। उड़ीसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कंधमाल जिले से केंद्रीय सुरक्षा बल हटाने का विरोध करते हुए वहां शांति सुनिश्चित करने के लिए उन्हें दोबारा तैनात करने की मांग की है।
मुख्यमंत्री कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को बताया, “पटनायक ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि कंधमाल में हालात पूरी तरह सामान्य होने तक केंद्रीय बलों को फिर से तैनात किया जाए।”
बीते बुधवार को कंधमाल से शेष बची केंद्रीय अर्धसैनिक बल की चार कंपनियों को हटा दिया गया था। वहां हिंसा भड़कने के बाद सीआरपीएफ के लगभग 4,000 कर्मियों को तैनात किया गया था।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष विश्व हिंदू परिषद के नेता स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती की हत्या के बाद भड़की हिंसा में 38 लोग मारे गए थे और 25,000 से अधिक ईसाई बेघर हो गए थे।
गत 25 और 26 जून को गृहमंत्री पी. चिदंबरम की उड़ीसा यात्रा दौरान पटनायक ने उन्हें केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती बरकरार रखे जाने की जरूरत से अवगत कराया था।
चिदंबरम के दौरे के कुछ ही दिनों के भीतर राज्य से केंद्रीय सुरक्षा बलों के हटने पर गुरुवार को मुख्यमंत्री ने हैरानी व्यक्त की थी।












Leave your response!
Type Comments in Indian languages (Press Ctrl+g to toggle between English and Hindi OR just Click on the letter)