म्यांमार सरकार ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव का अनुरोध ठुकराया
यंगून, 4 जुलाई। म्यांमार की जुंटा सरकार ने विपक्षी नेता आंग सांग सू की की रिहाई और उनसे मुलाकात की इजाजत प्रदान करने का संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून का अनुरोध शनिवार को ठुकरा दिया।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार मून म्यांमार के सैन्य मुख्यालय नैपिटा से शनिवार को यहां पहुंचे। उन्होंने जुंटा प्रमुख सीनियर जनरल थान श्वे से दो बार मुलाकात की।
मून ने थान श्वे से अगले साल होने वाले आम चुनावों के मद्देनजर 64 वर्षीया सूकी और 2,100 अन्य राजनीतिक कैदियों को रिहा करने का अनुरोध किया। उन्होंने म्यांमार की कुख्यात इंसेन जेल में बंद सू की से भी मुलाकात कराने का अनुरोध किया। मून के दोनों अनुरोध ठुकरा दिए गए। इसकी पुष्टि सरकारी अधिकारियों ने की।
यंगून के एक अधिकारी ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर बताया, “मून और सूकी की मुलाकात नहीं होगी।”
यंगून पहुंचने के तत्काल बाद मून इरावदी डेल्टा चले गए। यह क्षेत्र पिछले साल आए तूफान नरगिस की चपेट आया था और यहां 140,000 लोग लापता हो गए थे।
शनिवार रात मून बैंकाक रुकेंगे। वह वहां सुवर्णभूमि हवाई अड्डे पर थाई प्रधानमंत्री अभीष्ट वेज्जाजीवा से भेंट करेंगे।
थाई विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता के अनुसार दोनों नेताओं की
मुलाकात के दौरान म्यांमार के मसले पर भी चर्चा होगी।













Leave your response!
Type Comments in Indian languages (Press Ctrl+g to toggle between English and Hindi OR just Click on the letter)