एनडीटीवी लाइफस्टाइल के बाद अब इमैजिन बेचने की तैयारी
♦ जनतंत्र डेस्क
इंडियन एक्सप्रेस की यह ख़बर सही निकलती है तो एनडीटीवी के प्रमोटर अब एनडीटीवी इमैजिन को बेचने की तैयारी में जुटे हैं। करीब डेढ़ साल पहले यह चैनल बड़े तामझाम के साथ शुरू हुआ था। लेकिन कंपनी की माली हालत इतनी ख़राब है कि अब वह इस सफेद हाथी को ज्यादा दिनों तक नहीं पाल सकती। आर्थिक संकट से उबरने के लिए एक हफ़्ते पहले ही एनडीटीवी ने अपना लाइफस्टाइल चैनल एनडीटीवी गुडटाइम्स के 69 फीसदी शेयर एक विदेशी कंपनी स्क्रिप्स को बेच दिए थे। रिपोर्ट के मुताबिक एनडीटीवी इमैजिन के सौदे के लिए टर्नर ब्रॉडकास्टिंग (टाइम वार्नर) से बातचीत अंतिम चरण में है। इस सौदे से जुड़े दो करीबी लोगों ने बताया है कि एनडीटीवी अपनी पूरी हिस्सेदारी करीब 75-80 फीसदी टर्नर ब्रॉडकास्टर्स को बेच सकती है। करीब 7 करोड़ डॉलर यानी 322 करोड़ रुपये में यह सौदा हो सकता है। बाकी शेयर एनडीटीवी इमैजिन के सीईओ समीर नायर समेत कुछ कर्मचारियों और धर्मा प्रोडक्शन के मालिक करण जौहर के पास हैं। सूत्रों के मुताबिक अगर टर्नर चाहे तो वो उन लोगों से बात करके उनकी हिस्सेदारी भी खरीद सकता है।
पूरी ख़बर पढ़ें जनतंत्र डॉट कॉम पर…










